Monday, August 4, 2008

धोनी को खेल रत्न पुरस्कार

Jagran - Yahoo! India - Sports :: Cricket News: "धोनी को खेल रत्न पुरस्कार"
नई दिल्ली। भारतीय वनडे व टी-20 टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को वर्ष 2007 के सर्वोच्च राजीव गांधी खेल रत्न के लिए चुना गया है। इससे पहले क्रिकेटरों में यह पुरस्कार सिर्फ सचिन तेंदुलकर को ही मिला है। वहीं चार कोचों को द्रोणाचार्य और 11 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है।
धोनी 11 साल बाद देश के सबसे प्रतिष्ठित खेल पुरस्कार पाने वाले पहले क्रिकेटर है। मिल्खा सिंह की अध्यक्षता वाली विशेषज्ञ समिति की सोमवार को बैठक में धोनी ने टेबिल टेनिस खिलाड़ी अंचत शरत कमल और महिला मुक्केबाज एम मैरीकाम को पछाड़ते हुए ये मुकाम हासिल किया। राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल धोनी को राष्ट्रपति भवन में 29 अगस्त को ध्यानचंद के जन्मदिन के अवसर पर सम्मानित करेगी।
बैठक में खेल रत्न के अलावा, द्रोणाचार्य, अर्जुन व ध्यानचंद पुरस्कारों के लिए विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों के नामों को भी अंतिम रूप दिया गया। द्रोणाचार्य के लिए अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित पहलवान जगमिंदर को कुश्ती, संजीव कुमार को तीरंदाजी, जगदीश कुमार को मुक्केबाजी व श्रीधरन को वालीबाल के लिए यह पुरस्कार दिया जाएगा।
समिति के सदस्यों को भारत के श्रेष्ठ पुरस्कार के लिए धोनी के नाम पर सहमति बनाने के लिए मात्र आधे घंटे का समय लगा। धोनी के आस्ट्रेलिया में खेली गई सीबी वनडे सीरीज व टी-20 विश्व कप विजेता जैसे रिकार्डो के सामने अन्य खिलाड़ी फीके दिखाई पड़े। गत वर्ष निशानेबाज मानवजीत सिंह संधू को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार दिया गया था।
राजीव गांधी पुरस्कार के लिए खेल मंत्रालय ने पहली लिस्ट में धोनी का नाम शामिल नहीं किया था, क्योंकि उसका फार्म 2 जून तक खेल मंत्रालय को नहीं मिला था। मीडिया में इस खबर के आने के बाद खेल मंत्रालय ने इस बाबत छानबीन की थी, जिसके बाद पता चला था कि धोनी का फार्म 30 मई को शास्त्री भवन के डाक विभाग में पहुंच गया था। खेल मंत्रालय ने गलती मानते हुए धोनी के नाम को राजीव गांधी अवार्ड के दावेदारों की सूची में शामिल कर लिया।
बीसीसीआई के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी प्रोफेसर रत्नाकर शेट्टी ने इस फैसले की सराहना की है। शेट्टी ने कहा, 'दो अवसरों पर हमें मायूसी का सामना करना पड़ा। राहुल द्रविड़ को खेल रत्न नहीं दिया गया और युवराज सिंह को अर्जुन पुरस्कार के लिए नहीं चुना गया। द्रविड़ अच्छी फार्म में थे। हमने लगातार 16 एकदिवसीय मैच जीते और टीम का मनोबल सातवें आसमान पर था लेकिन फिर भी उन्हें पुरस्कार नहीं मिला।'
धोनी से पूर्व विभिन्न खेल विधाओं से जुड़े 15 खिलाड़ियों को इस सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। इस बार द्रोणाचार्य के लिए चार, अर्जुन पुरस्कार के लिए 11 व ध्यानचंद पुरस्कार के लिए तीन नाम शामिल हैं। इन सभी पुरस्कारों की घोषणा आने वाले दिनों में खेल मंत्रालय द्वारा की जाएगी।
चयनित खिलाड़ियों की सूची
राजीव गांधी खेल रत्न: महेंद्र सिंह धोनी ।
द्रोणाचार्य पुरस्कार: जगमिंदर सिंह , जगदीश कुमार (मुक्केबाजी), श्रीधरन (वालीबाल) व संजीव कुमार (तीरंदाजी)।
अर्जुन पुरस्कार: प्रभजोत सिंह (हाकी), अलका तोमर (महिला कुश्ती), जे वर्गीस (मुक्केबाजी), अनूप श्रीधर (बैडमिंटन), अर्जुन अटवाल (गोल्फ), बजरंगी लाल (रोइंग), तोंबी देवी (जूडो), चित्रा के. सुमन (एथलेटिक्स), अवनीत कौर (शूटिंग), डी. हरिका (शतरंज) व फरहान वासा [विकलांग खिलाड़ी]।
ध्यानचंद पुरस्कार: हकम सिंह (एथलेटिक्स), मुखबैन सिंह (हाकी) व ज्ञान सिंह (कुश्ती)।

www.visli.com

No comments: